
गुरुग्राम। सेक्टर-93 चौकी क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान मूल रूप से चरखी दादरी जिले के फौगाट गांव निवासी अनिरुद्ध और सांवड़ गांव निवासी अतुल के रूप में की गई। दोनों की उम्र 20 से 22 साल है। गुरुवार दोपहर दोनों चरखी दादरी से निजी काम से गुरुग्राम आए थे। गुरुवार शाम यदुवंशी स्कूल से सेक्टर-90 चौक की तरफ जा रहे थे। बाइक अतुल चला रहा था और अनिरुद्ध पीछे बैठा था।
सेक्टर 93 में गुलमोहर फार्म हाउस के पास सामने से आ रही बस के चालक ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। चौकी पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को स्वजन को सौंप दिया गया।

