
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री के गुरुग्राम आगमन के दौरान वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान और काले झंडे दिखाने के मामले में पुलिस आयुक्त गुरुग्राम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस आयुक्त ने जिम्मेदारी तय करते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम करण गोयल और पुलिस उपायुक्त अपराध हितेश यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वीआईपी सुरक्षा में लापरवाही मंजूर नहीं
वहीं थाना प्रभारी सिविल लाइंस इंस्पेक्टर बिजेन्द्र कुमार और उनके साथ मौके पर ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों और एसआईएस पश्चिम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इंटेलिजेंस इंचार्ज के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, समन्वय की कमी अथवा ड्यूटी में शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में बाधा होने पर उत्तरदायित्व निर्धारित कर नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

