गुरुग्राम में दो साल से जेल में बंद नाइजीरियन कैदी की अस्पताल में मौत, HIV से था पीड़ित

गुरुग्राम। अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में भोंडसी जेल में दो साल से बंद नाइजीरियन बंदी की तबीयत बिगड़ने से शनिवार रात मौत हो गई। मृतक एचआईवी से पीड़ित था और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था।

भोंडसी जेल अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान 47 वर्षीय एलेक्स टोचुकवु ओसुजी के रूप में की गई। यह नाइजीरिया मूल का रहने वाला था। इसे 17 जुलाई 2024 को गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी के एक मामले में पकड़ा था।

तभी से ही यह भोंडसी जेल में बंद था। इस पर मुकदमा चल रहा था, सजा नहीं हुई थी। जेल प्रशासन के अनुसार बंदी एचआईवी पाजिटिव था और पिछले कुछ दिनों से बुखार, कम खाना खाने और सांस लेने में तकलीफ सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित था

नाइजीरियन दूतावास से किया संपर्क

शुक्रवार रात उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सेक्टर-10 में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बोर्ड गठित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। गुरुग्राम पुलिस ने इस संबंध में नाइजीरियन दूतावास से संपर्क कर सूचना दे दी है। स्वजन के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top