CM नायब सिंह के काफिले को काले झंडे दिखाए, ‘गो बैक’ के लगे नारे; पुलिस और कांग्रेस नेताओं में धक्का-मुक्की

 गुरुग्राम। गुरुग्राम में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री के गुरुग्राम दौरे का जोरदार विरोध किया।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव और शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले के सामने काले झंडे लहराए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।

मुख्यमंत्री आज ग्रीवेंस कमेटी की बैठक और गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में यंग एंटरप्रेन्योर्स से संवाद करने पहुंचे हैं। सिविल लाइंस में जान हाल के पास रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का काफिला रोकने की कोशिश की और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि शहर में जलभराव, टूटी सड़कों और अन्य समस्याओं से जनता परेशान है, लेकिन भाजपा सरकार सिर्फ दौरे कर रही है, समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही।

मुख्यमंत्री के काफिले को आता देख कार्यकर्ताओं ने अचानक काले झंडे दिखाने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए।

वहीं, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार्यकर्ताओं को सड़क से साइड किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में भी कई अव्यवस्थाएं हैं, मुख्यमंत्री को वहां छात्रों और उद्यमियों की समस्याएं भी सुननी चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top