NEET UG 2026 Cancelled: आखिर क्यों रद हुआ नीट यूजी एग्जाम? आपके हर सवाल का जवाब

 नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार ने आज यानी 12 मई को NEET UG 2026 की परीक्षा लीक होने चलते रद करने का एलान किया। इस एलान से देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल छा गए।

नीट यूजी 2026 पेपर लीक की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। दिल्ली में आज NSUI के छात्रों ने शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर नीट का पेपर कैसे लीक हुआ, एनटीए को कब इसकी भनक लगी और क्‍या छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी?  NEET UG 2026 से जुड़े अपने सभी सवालों के जवाब यहां पढ़ें…

सवाल: NEET-UG 2026 को क्यों किया गया ‌रद?

जवाब: NEET-UG 2026 को पेपर लीक और गेस पेपर विवाद के बाद कैंसिल किया गया। इसमें जो सबसे बड़ा कारक है वो परीक्षा से पहले से सर्कुलेट हो रहे प्रश्नपत्र और 3 मई की परीक्षा में आए असल प्रश्नपत्र में समानता है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि असल परीक्षा में जो पेपर आया था उसके लगभग 140 प्रश्न कथित गेस पेपर से मिलते हैं, जो परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा था।

सवाल: NEET-UG 2026 परीक्षा कब हुई थी?

जवाब: NEET-UG 2026 परीक्षा देशभर में 3 मई 2026 को हुई थी।

सवाल: परीक्षा कैंसिल करने का फैसला कब लिया गया?

जवाब: NTA ने 12 मई 2026 को परीक्षा रद करने का ऐलान किया।

सवाल: सबसे पहले कहां से सामने आया पेपर लीक का मामला?

जवाब: लीक के पहले मामले राजस्थान और उत्तराखंड से सामने आए। जिसके बाद राजस्थान SOG ने जांच की और यह मामला बढ़ता गया।

सवाल: क्या है Guess Paper विवाद?

जवाब: बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को ऐसा कथित गेस पेपर मिला जिसमें 100 से ज्यादा सवाल असली NEET प्रश्नपत्र से मिलते पाए गए। इसी के बाद परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे।

सवाल: रद होने से पहले पेपर लीक को लेकर क्या कह रही थी NTA?

जवाब: शुरुआत में NTA पेपर लीक की संभावना से इनकार कर रही थी और परीक्षा को ‘फुल सिक्योरिटी प्रोटोकॉल’ वाला बता रही थी। NTA ने कहा था कि परीक्षा AI-CCTV, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, GPS ट्रैकिंग और 5G जैमर जैसी सुविधाओं से लैस थी और पेपर लीक होने का सवाल ही नहीं है।

सवाल: NTA को गड़बड़ी की सूचना कब मिली?

जवाब: NTA के मुताबिक उसे 7 मई की शाम को कथित अनियमितताओं की जानकारी मिली, जिसे 8 मई को केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया।

सवाल: कितने छात्र हुए प्रभावित?

जवाब: रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 22 से 24 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे, जो अब दोबारा परीक्षा देंगे।

सवाल: दोबारा परीक्षा कराने और उसकी डेट पर क्या बोली NTA?

जवाब: NTA ने बताया है कि यह परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसके लिए दोबारा फॉर्म नहीं भरना होगा। हालांकि अभी तारीखों का एलान नहीं किया गया है।

सवाल: दिल्ली में प्रोटेस्ट की वजह?

जवाब: परीक्षा लीक और कैंसिल होने के चलते एनएसयूआई के छात्रों ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने NTA की जवाबदेही तय करने और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।

सवाल: पहले कब विवादों में आई NEET UG परीक्षा?

जवाब: दो साल पहले 2024 में भी NEET पेपर लीक, ग्रेस मार्क्स और टॉपर विवाद को लेकर देशभर में प्रदर्शन हुए थे और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top