
अमृतसर। पंजाब पुलिस का एक एसएचओ खुद ही किडनैपर बन गया। तरनतारन जिले के गोइंदवाल थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर समेत पांच लोगों पर युवक के अपहरण, मारपीट और रुपये छीनने का मामला दर्ज किया गया है। अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट के थाना सिविल लाइन में दर्ज इस मामले के बाद पुलिस ने आरोपित इंस्पेक्टर प्रभजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में अकाली-भाजपा सरकार के दौरान मंत्री रहे बिक्रम सिंह मजीठिया के सूचना प्रकोष्ठ से जुड़े नछत्तर सिंह सहित कुल पांच लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। अन्य आरोपितों में गुमटाला निवासी प्रभ, गोइंदवाल निवासी रणबीर सिंह और काजीकोट निवासी जतिंदर सिंह शामिल हैं। जतिंदर सिंह को अदालत से दो दिन की पुलिस हिरासत पर भेजा गया है।

