
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में आज वर्क फ्रॉम होम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील पर दिल्ली सरकार द्वारा शुरू किए गए मेरा देश मेरा योगदान अभियान के तहत निर्धारित किए गए वर्क फ्रॉम होम का दिन आज है। अधिकतर मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी घर से काम करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण पर नियंत्रण और देश में ईंधन की खपत को कम करना है। सचिवालय के सूत्रों के अनुसार आज के दिन केवल उन्हीं विभागों और कर्मचारियों को कार्यालय बुलाया गया है, जिनकी उपस्थिति बेहद अनिवार्य या आपातकालीन सेवाओं के लिए जरूरी है। बाकी पूरा प्रशासनिक अमला डिजिटल माध्यमों, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और ई-ऑफिस फाइलों के जरिए घर से ही फाइलों का निपटारा कर रहा है।
सरकार सचिवालय और विभिन्न सरकारी विभागों से फीडबैक लेकर एक समीक्षात्मक रिपोर्ट भी तैयार करेगी, ताकि यह देखा जा सके कि भविष्य में ऐसे अभियानों को किस तरह और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। दिल्ली सरकार की इस पहल को पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक बेहद सकारात्मक और अनुकरणीय कदम माना जा रहा है।

