बच्चे के जन्म से नाखुश पिता ने की थी मासूम की हत्या, बिसरा रिपोर्ट आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने दबोचा

 गुरुग्राम। लिव-इन में रहने के दौरान महिला को बच्चा होने पर नाखुश एक युवक ने पांच महीने बाद बच्चे की जहरीला पदार्थ देकर हत्या कर दी थी। पिछले साल पांच जनवरी को हुई इस वारदात में डेढ़ साल बाद गुरुग्राम पुलिस ने आरोपित को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इसकी पहचान हिसार के बररी गांव निवासी विक्रमजीत के रूप में की गई।

पांच जनवरी को बिलासपुर थाने में बच्चे की मां ने केस दर्ज कराया था। उसने बताया था कि वह वर्ष 2023 से युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की सहमति से एक पुत्र का जन्म हुआ था। जिसकी उम्र लगभग पांच माह थी। बच्चे के जन्म के बाद इसके तथा इसके पार्टनर के बीच अक्सर विवाद रहता था।

महिला ने युवक पर बच्चे को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। उस समय पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न मिलने पर बिसरा जांच के लिए मधुबन लैब भेजा गया था। कुछ महीने पहले जांच में जहरीला पदार्थ देने की पुष्टि हुई। इधर आरोपित फरार चल रहा था। बिलासपुर थाना पुलिस ने आरोपित को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपित की पहले से शादी हो रखी थी। लिव-इन रिलेशनशिप के दौरान महिला से एक बच्चे का जन्म हुआ। आरोपित युवक बच्चे के जन्म से खुश नहीं था। उसने महिला पर पहले गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया था। उसने पूछताछ में बच्चे की हत्या की वारदात स्वीकार की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top