
इंदिरापुरम। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित नीति खंड-2 के एक अपार्टमेंट में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की शुरुआत बेसमेंट से हुई, जो देखते ही देखते तीसरी मंजिल तक फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घना धुआं और तेजी से फैलती लपटों के बीच दमकलकर्मियों ने राहत-बचाव कार्य चलाते हुए 3 से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
शाॅर्ट सर्किट से आग लगाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी है और आसपास के इलाकों में एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

