
नया गुरुग्राम। सेक्टर-109 स्थित निर्माणाधीन ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स सोसायटी के भविष्य को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने सोमवार को करीब ढाई घंटे तक सोसायटी का विस्तृत निरीक्षण किया।
टीम ने सभी टावरों का जायजा लेने के साथ फ्लैट खरीदारों और बिल्डर प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। अब निरीक्षण रिपोर्ट विभाग के निदेशक को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई और परियोजना के भविष्य पर निर्णय लिया जाएगा।
वर्ष 2016 में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने किफायती आवास योजना के तहत ओशियन सेवन बिल्डटैक प्राइवेट लिमिटेड को इस प्रोजेक्ट का लाइसेंस जारी किया था।
सक्षम बिल्डर से निर्माण पूरा कराने की थी मांग
कंपनी के प्रबंध निदेशक स्वराज सिंह यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले वर्ष नवंबर में फ्लैट खरीदारों से एकत्रित धन के कथित दुरुपयोग से जुड़े धन शोधन अधिनियम के मामले में गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद है।
ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स बायर्स एसोसिएशन ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के निदेशक अमित खत्री को ज्ञापन देकर मांग की थी कि प्रोजेक्ट को किसी सक्षम बिल्डर को सौंपकर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए।
लगातार बढ़ रहा है इंतजार
इसके बाद निदेशक ने सीनियर टाउन प्लानर विजेंद्र राणा और डीटीपी प्रवीण चौहान को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सोमवार को टीम ने सोसायटी का निरीक्षण किया।
फ्लैट खरीदार राज सिंह का कहना है कि करीब 10 वर्ष बीत जाने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी। घर मिलने का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है।
फ्लैट खरीदार सीमा का कहना है कि सभी खरीदारों के हित में यही होगा कि परियोजना को जल्द किसी सक्षम बिल्डर को सौंपा जाए, ताकि वर्षों से इंतजार कर रहे परिवारों को जल्द अपने घर मिल सकें।

