
गुरुग्राम। वायु प्रदूषण और सड़क धूल पर नियंत्रण के लिए गुरुग्राम में सड़क सुधार कार्य किए जाएंगे। इसके तहत 726.54 किलोमीटर सड़क नेटवर्क के पुनर्विकास पर लगभग 1971 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वर्ष 2026 के दौरान 495 किलोमीटर सड़कों के सुधार का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 195 किलोमीटर से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है। यह जानकारी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने दी।
सड़कों पर जमा धूल को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम द्वारा 20 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें संचालित की जा रही हैं। ये मशीनें प्रतिदिन 600 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र की सफाई कर रही हैं।
वर्तमान में 404.61 किलोमीटर सड़क नेटवर्क को मैकेनिकल स्वीपिंग के दायरे में लाया जा चुका है। अतिरिक्त मशीनों की खरीद प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
32 चौराहों पर ट्रैफिक जाम कम करेंगे
शहर में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए वर्ष 2026 के दौरान 32 ट्रैफिक कंजेशन हाटस्पाट्स को सुधारने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम तिमाही में चार प्रमुख स्थानों पर डी-कंजेशन कार्य पूरा किया जा चुका है। अधिकारियों का मानना है कि इससे यातायात सुगम होगा और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी।
1.81 लाख टन सीएंडडी कचरे का निस्तारण हुआ
गुरुग्राम में प्रतिदिन करीब 1500 टन निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरा उत्पन्न हो रहा है। इसके निस्तारण के लिए 1200 टन प्रतिदिन की प्रोसेसिंग क्षमता उपलब्ध है।
जनवरी से मई 2026 तक 2.26 लाख टन सीएंडडी कचरा एकत्रित किया गया, जिसमें से 1.81 लाख टन का प्रसंस्करण किया जा चुका है। शहर में चार जियो-टैग्ड कलेक्शन प्वाइंट संचालित हैं जबकि 16 नए केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।
2027 में कूड़ा खत्म करने का लक्ष्य
बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर वर्षों से जमा लिगेसी कचरे के निस्तारण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। अब तक 37.74 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण किया जा चुका है। शेष 18.29 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण का लक्ष्य मार्च 2027 तक पूरा करने का रखा गया है।
258 स्थानों पर 2722 कैमरे लगेंगे
इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) के पहले चरण में 218 स्थानों पर 1200 कैमरे लगाए जा चुके हैं। दूसरे चरण में 258 स्थानों पर 2722 अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे। इससे ट्रैफिक प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
93 टीमें कर रहीं निगरानी
खुले में कचरा जलाने और अन्य प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने 93 विशेष निगरानी एवं चालान टीमों को तैनात किया है। ये टीमें नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सड़क सुधार, कचरा प्रबंधन, ट्रैफिक डी-कंजेशन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से शहर की वायु गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

