गुरुग्राम में अपने घर का सपना होगा पूरा, 15 हजार नए फ्लैट बनेंगे; हरेरा ने 51 प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी

नया गुरुग्राम। गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार लगातार मजबूत हो रहा है। जनवरी से जून 2026 के बीच हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथाॅरिटी (हरेरा) गुरुग्राम ने 51 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

15,403 हजार नए फ्लैट बनाएं जाएंगे

इन परियोजनाओं में करीब चार अरब अमेरिकी डाॅलर (लगभग 34 हजार करोड़ रुपये) का निवेश प्रस्तावित है। हरेरा की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, मंजूर की गईं 51 परियोजनाओं में कुल 16,727 इकाइयां विकसित की जाएंगी। इनमें 15,403 रिहायशी, 1,084 व्यावसायिक और 240 औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं।

51 में से 11 प्रोजेक्ट में लगे 25000 करोड़

इन 51 परियोजनाओं में से केवल 11 बड़ी परियोजनाओं में ही करीब 25000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे साफ है कि गुरुग्राम में बड़े स्तर पर रियल एस्टेट विकास जारी है और यहां देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियां लगातार नई परियोजनाएं ला रही हैं।

प्राधिकरण के अनुसार वर्ष 2025 में गुरुग्राम में 131 परियोजनाओं को मंजूरी मिली थी, जिनमें लगभग 87 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया था।

हरेरा की तरफ से परियोजनाओं के पंजीकरण से पहले दस्तावेजों की गहन जांच, विशेषज्ञों द्वारा साइट निरीक्षण, तिमाही प्रगति रिपोर्ट (क्यूपीआर) जमा करना और पंजीकरण से पहले सार्वजनिक सूचना जारी करना अनिवार्य किया गया है।

इन सुधारों से परियोजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है। साथ ही, प्राधिकरण ने लंबित शिकायतों के तेजी से निपटारे पर भी काम किया है, जिससे घर खरीदारों को समय पर राहत मिल रही है।

गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार निवेशकों और घर खरीदने वालों की पहली पसंद बना हुआ है। तेज मंजूरी प्रक्रिया, सख्त नियामकीय निगरानी और बेहतर अनुपालन व्यवस्था के कारण घरेलू और संस्थागत निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

 अरुण कुमार, चेयरमैन, हरेरा

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top