दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित हुई स्लीपर बस, तेल की टंकी फूटी; टला बड़ा हादसा

गुरुग्राम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होने से डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर से उसकी तेल की टंकी फूट गई और तेल सड़क पर बह गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अगर इसमें आग लगती तो कई जानें जा सकती थीं। घटना सोहना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार एक निजी स्लीपर बस मंगलवार रात करीब एक बजे दिल्ली से जयपुर जा रही थी। इसमें करीब 50 सवारियां मौजूद थीं। सोहना से 12 किलोमीटर आगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। इसमें कोई बड़ा हादसा तो नहीं हुआ, लेकिन तेल की टंकी लोहे की चादर लगने से फूट गई और सारा तेल बह गया। फौरन ही सवारियां बस से नीचे उतरीं। करीब दो घंटे तक एक्सप्रेसवे पर लोग खड़े रहे।

दूसरी बस से सभी सवारियों को जयपुर के लिए रवाना

बस संचालक ने दूसरी बस का इंतजाम कर सभी सवारियों को जयपुर के लिए रवाना किया। इस घटना के बारे में सोहना शहर और सोहना सदर थाना पुलिस किसी को भी जानकारी नहीं दी गई। दोनों थाना प्रभारियों का कहना है कि लिखित शिकायत आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। निजी बस रेवाड़ी जिले में रजिस्टर्ड है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top