गुरुग्राम: रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी मामले में एक गिरफ्तार

गुरुग्राम। रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा के तहत गुरुग्राम के एक युवक को नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान महेंद्रगढ़ के बेरी गांव निवासी सतीश के रूप में की है।

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार पीड़ित ने 17 अप्रैल को भोंडसी थाने में ठगी की शिकायत दी थी। बताया था कि श्रीनिवास उर्फ सतीश नाम के व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरी दिलाने का झांसा देकर नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के दौरान फर्जी नियुक्ति पत्र, मेडिकल और ट्रेनिंग के नाम पर इससे लगभग 30 लाख रुपये ठग लिए। भोंडसी थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।

थाना पुलिस ने आरोपित सतीश को एमजी रोड से पकड़ लिया। आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड से पता चला कि उस पर धोखाधड़ी करने, हरियाणा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने के संबंध में दो केस पहले से ही महेंद्रगढ़ में तथा पॉक्सो एक्ट सहित अन्य अपराधिक धाराओं के तहत एक केस सीकर में दर्ज है।

इसने साजिश रचकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपित को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान बरामदगी तथा अन्य आरोपितों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top