गुरुग्राम में अब बिना कनेक्शन मिलेगा 10 किलो का कंपोजिट LPG सिलेंडर, दो घंटे में होम डिलीवरी

बादशाहपुर (गुरुग्राम)। अब बिना पारंपरिक घरेलू गैस कनेक्शन के भी एलपीजी सिलेंडर घर लाया जा सकेगा। इंडियन आयल शनिवार से 10 किलोग्राम के हल्के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर एक्स्ट्रालाइट नाउ की शुरुआत करने जा रहा है।

4,925 रुपये में कनेक्शन के साथ मिलने वाले इस सिलेंडर को उपभोक्ता जरूरत पड़ने पर कभी भी रिफिल करा सकेंगे। बुकिंग के करीब दो घंटे के भीतर इसकी होम डिलीवरी भी की जाएगी। कार्यक्रम में इंडियन आयल के उत्तरी क्षेत्र के कार्यकारी निदेशक एवं दिल्ली-हरियाणा राज्य प्रमुख हेमंत राठौर इस सुविधा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद शहर के 10 इंडेन गैस वितरकों के माध्यम से इसकी बिक्री शुरू हो जाएगी।

सेक्टर-70 स्थित द ट्यूलिप क्लब हाउस में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के बाद कंपोजिट सिलेंडर की उपलब्धता शुरू हो जाएगी। यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है। इसकी बाडी कंपोजिट सामग्री से बनी है। जिस पर जंग नहीं लगती। पारदर्शी डिजाइन के कारण उपभोक्ता आसानी से देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। हल्का होने के कारण इसे उठाना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना भी आसान है।

कंपनी ने इस सिलेंडर की कनेक्शन सहित कीमत 4,925 रुपये निर्धारित की है। इसे लेने वाले उपभोक्ता आवश्यकता के अनुसार कभी भी सिलेंडर रिफिल करा सकेंगे। बुकिंग के लगभग दो घंटे के भीतर होम डिलीवरी देने की व्यवस्था भी रहेगी। जिले में वर्तमान में करीब 10.27 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं और कंपनी को उम्मीद है कि यह नई सुविधा बड़ी संख्या में लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी।

प्रवासियों को भी मिलेगा लाभ, कालाबाजारी पर लगेगी रोक

10 किलो कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि प्रवासी कामगार, किरायेदार और बिना स्थायी घरेलू गैस कनेक्शन वाले लोग भी इसे आसानी से ले सकेंगे।

इससे 14.2 किलो घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में अवैध रीफिलिंग की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगेगा। ऐसे अवैध रीफिलिंग के दौरान गैस रिसाव और आग लगने जैसी दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। वैध रूप से उपलब्ध यह सिलेंडर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top