गुरुग्राम में एजेंसी से रखी मेड फिर कर गई खेल, एक दिन काम करके उड़ाए 10 लाख; भूलकर भी न करें ये गलतियां

गुरुग्राम। जिले में एक बार फिर घरेलू सहायिका द्वारा घर में चाेरी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-86 स्थित एक सोसायटी में एजेंसी के माध्यम से रखी गई घरेलू सहायिका एक दिन काम करने के बाद घर से दस लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गई। घर के मालिक की शिकायत पर खेड़कीदौला थाना पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज किया है।

सेक्टर 86 माइक्रोटेक ग्रीनबर्ग सोसायटी निवासी अभिषेक ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह होटल कारोबारी हैं। उनकी पत्नी एक निजी कंपनी में एचआर डिपार्टमेंट में हैं। उनके दो बच्चे और एक बुजुर्ग पिता घर में रहते हैं।

पिता के बीमार पड़ने पर रखी थी मेड 

बुजुर्ग पिता का बीते दिनों मेदांता अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था, इसलिए वह बेड रेस्ट पर हैं। घर की देखभाल करने के लिए उन्होंने बीते दिनों मोपिन एजेंसी के माध्यम से घरेलू सहायिका कोमल को काम पर रखा था।

एजेंसी ने उन्हें उसका आधार कार्ड साझा किया था और कहा था कि उन्होंने महिला के बारे में वेरिफिकेशन करा रखा है। महिला वाराणसी के भीम नगर की रहने वाली बताई जा रही है।

मेड के लिए एजेंसी को दिए 17 हजार 

अभिषेक ने महिला को हायर करने के लिए एजेंसी को 17 हजार रुपये भी दिए थे। कोमल ने एक दिन घर में सामान्य रूप से काम किया। लेकिन अगले ही दिन उसने घर में किसी की बीमारी का हवाला दिया और काम छोड़कर चली गई।

इसके बाद जब उन्होंने घर की जांच की तो उन्हें चोरी का पता चला। अलमारी में रखे करीब सात-आठ तोले के सोने के जेवर और करीब 32 हजार रुपये की नकदी गायब थी।

खेड़कीदौला थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित महिला को पकड़ लिया जाएगा। एजेंसी से भी मामले में पूछताछ की जाएगी।

मेड रखते समय बरतें ये सावधानियां

  • पुलिस वेरिफिकेशन खुद भी कराएं: केवल एजेंसी के वेरिफाइड कहने पर भरोसा न करें। स्थानीय थाने में पुलिस वेरिफिकेशन जरूर जमा कराएं और उसकी कॉपी अपने पास रखें।
  • आधार कार्ड ही पर्याप्त नहीं: स्थायी पता, परिवार के सदस्य का नंबर, गांव/मोहल्ले का संपर्क, एक वैकल्पिक पहचान पत्र भी जरूर लें।
  • एजेंसी की विश्वसनीयता जांचें: एजेंसी रजिस्टर्ड है या नहीं, उसका ऑफिस मौजूद है या नहीं, ऑनलाइन रिव्यू और शिकायतें देखें, लिखित एग्रीमेंट जरूर करें।
  • पहले कुछ दिन निगरानी रखें: नई सहायिका को शुरुआती दिनों में घर में अकेला न छोड़ें।
  • CCTV कैमरे और डिजिटल डोर लॉक सुरक्षा बढ़ा सकते हैं।
  • कीमती सामान सुरक्षित रखें: जेवर, नकदी और जरूरी दस्तावेज खुले अलमारी या दराज में न रखें। लॉकर का इस्तेमाल करें और एक्सेस सीमित रखें।
  • पड़ोस और सोसायटी को जानकारी दें: सोसायटी गेट पर एंट्री, फोटो और मोबाइल नंबर अपडेट करवाएं। गार्ड और पड़ोसियों को भी नई सहायिका की जानकारी दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top