
गुरुग्राम। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत ने बुधवार को यातायात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
15 दिन चलेगा विशेष अभियान
बैठक में एसीपी ट्रैफिक मुख्यालय, पूर्व, पश्चिम सहित सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद रहे। आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया।
इसके तहत खेड़की दौला टोल से सिरहौल बाॅर्डर तक दोनों दिशाओं में एनएच-48, द्वारका एक्सप्रेसवे, केएमपी एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों के प्रवेश प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रियों से विनम्र व्यवहार के निर्देश
डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए तथा उनके लिए निर्धारित मार्गों पर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
सड़क पर वाहन खड़े मिलने पर होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि सभी कांवड़ शिविर सड़क के बाईं ओर निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं और कांवड़ यात्रियों के वाहन मुख्य सड़क या हाईवे पर पार्क न होने दिए जाएं। यदि कहीं सड़क पर वाहन खड़े पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आम लोगों को सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी।

