गुरुग्राम में चरित्र पर शक होने पर सिर में हथौड़ा मारकर पत्नी की हत्या, फिर खुद बुलाई पुलिस

 फरुखनगर। गुरुग्राम जिले के फरुखनगर कस्बे की श्याम कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां एक पति ने चरित्र के शक में हथौड़े से सिर पर तीन बार वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद वह घर पर ही रहा और खुद ही पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस ने आरोपित पति को काबू किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय पूजा सिंह के रूप में की गई। पूजा की शादी करीब 13 साल पहले नायब सिंह से हुई थी। परिवार मूल रूप से कैथल जिले का रहने वाला है और कई सालों से दंपती श्याम कालोनी में रह रहे थे। इनका एक दस वर्षीय बेटा भी है। वह इस समय दादा-दादी के पास गया हुआ था।

पति ने हथौड़े से पूजा के सिर पर तीन बार वार किया

बताया जाता है कि नायब सिंह फरुखनगर में ईंट सप्लाई का काम करता है। पास पड़ोस के लोगों ने बताया कि दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने हथौड़े से पूजा के सिर पर तीन बार वार कर दिया। इसके बाद वह काफी देर तक घर में ही रहा। उसने खुद पुलिस को फोन कर बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पूजा को अस्पताल ले गई। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फरुखनगर थाना पुलिस के मुताबिक आरोपित पति पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, इसलिए दाेनों के बीच झगड़े हो रहे थे। इसी बात को लेकर शनिवार सुबह पति ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद किया है। आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top