
ग्रेटर नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह ऐतिहासिक क्षण दर्ज किया गया। लखनऊ से इंडिगो की पहली कॉमर्शियल फ्लाइट सुबह 8:05 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। एयरपोर्ट की सीईओ नीतू सामरा ने यात्रियों का फूलों का गुलदस्ता देकर पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। हालांकि, इस बीच कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर जाने के लिए टैक्सी न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रबंधन ने कहा- मील का पत्थर
यह नोएडा एयरपोर्ट का पहला कॉमर्शियल ऑपरेशन है, जो दिल्ली-एनसीआर को नया उड़ान हब देगा। शुरुआती चरण में इंडिगो लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद आदि शहरों के लिए उड़ानें संचालित करेगी। एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसे क्षेत्रीय विकास और यातायात सुविधा के लिए मील का पत्थर बताया है।
इस फ्लाइट में सवार होकर नोएडा पहुंचे जगद्गुरु सतीश आचार्य ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह बहुत ही अच्छी पहल है। बहुत अच्छा लग रहा है।
यूपी विधानसभा अध्यक्ष को दिया ‘गार्ड ऑफ ऑनर’

वहीं, नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने भी मीडिया से बातचीत में परियोजना की सफलता पर खुशी व्यक्त की। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कहा कि गौरवान्वित करने वाला क्षण। औद्योगिक विकास तेज होगा।

इस फ्लाइट में सवार होकर अभिनेत्री गुल पनाग भी नोएडा पहुंचीं। उन्होंने भी एयरपोर्ट के सफल संचालन पर अपनी खुशियां जताईं और एयरपोर्ट मैनेजमेंट को बधाई दी।
टैक्सी न मिलने से हुए परेशान
‘दैनिक जागरण’ से बातचीत में लखनऊ से आए यात्री गर्वित शर्मा ने कहा, ‘टैक्सी सर्विस न होने के कारण एयरपोर्ट पर पिछले 40 मिनट से गाजियाबाद जाने का इंतजार कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा कि लखनऊ से सफर बहुत अच्छा रहा लेकिन यहां पर आने के बाद टैक्सी नहीं मिली। यह तो बहुत ही बेसिक जरूरत है। इस बात का मैनेजमेंट को ध्यान देना चाहिए था। यही हाल वहां मौजूद अन्य यात्रियों का भी था।

