गुरुग्राम में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय को कुचला, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

गुरुग्राम। दिल्ली जयपुर हाईवे पर खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय को कुचल दिया। हादसे में डिलीवरी ब्वॉय की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए डिलीवरी ब्वॉयज ने हाइवे पर करीब एक घंटे तक हंगामा किया और पुलिस को शव उठाने से रोका। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हादसे के बाद आरोपित डंपर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह जेप्टो कंपनी में डिलीवरी का काम करता था और सुबह डिलीवरी के लिए निकला था।

पुलिस के अनुसार अनिल कुमार मूल रूप से अयोध्या के धर्मगंज पूरे क्षेत्र के देवगिरी गांव का रहने वाला था। वह पिछले कई सालों से गुरुग्राम में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था और जेप्टो में डिलीवरी ब्वॉय की नौकरी कर रहा था।

एक घंटे तक हाईवे पर चला हाईवोल्टेज ड्रामा

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी ब्वॉय मौके पर पहुंच गए। उनका आरोप था कि एंबुलेंस देर से पहुंची और पुलिस की कार्रवाई सुस्त रही। गुस्साए डिलीवरी राइडर्स ने हंगामा किया, इसकी वजह से हाइवे पर जाम की स्थित बन गई।

कहा कि जब तक दोषी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की घोषणा नहीं होती, शव नहीं उठने देंगे।करीब एक घंटे तक हाईवे पर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

डंपर कब्जे में, चालक की तलाश जारी

पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top