गुरुग्राम में फल व्यापारी की हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी खड़ी करने के विवाद में हुआ था मर्डर

गुरुग्राम। खांडसा मंडी में रविवार सुबह फल की गाड़ी खड़ी करने के विवाद में फल व्यापारी भारत भूषण की सुआ मारकर हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने मुख्य आरोपित जय भगवान उर्फ सीटू को गिरफ्तार कर लिया है।

उसे बुधवार रात सोनीपत से पकड़ा गया। हत्या के बाद से ही यह फरार चल रहा था। इससे पहले पुलिस टीम ने दुकान के कर्मचारी राहुल को सोमवार को गिरफ्तार किया था। कमान सराय निवासी फल व्यापारी भारत भूषण खांडसा मंडी में फलों का व्यापार करते थे।

दिल्ली की मंडी से फल की गाड़ियां नियमित तौर पर गुरुग्राम मंडी आती थीं। रविवार सुबह भी फल की गाड़ी आई थी इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार राहुल ने दुकान का सामान फैला रखा था।

जब भारत भूषण ने सामान हटाने के लिए कहा तब विवाद हो गया। दुकान कर्मचारी ने दुकान मालिक जय भगवान को मौके पर बुला लिया। जय भगवान ने मंडी में आकर पहले मारपीट की, फिर सुआ मारकर भारत भूषण की हत्या कर दी थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top