गुरुग्राम में बनेगा नगर निगम का नया कार्यालय, 104 करोड़ रुपये के फंड को मिली मंजूरी

मानेसर (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में मानेसर नगर निगम का स्थायी कार्यालय आईएमटी चौक के नजदीक हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) की जमीन में बनाया जाएगा। इस जमीन के लिए फंड को मंजूरी मिल चुकी है।

वहीं, मंजूरी के बाद फाइल वित्त विभाग को पैसे ट्रांसफर करने के लिए भेज दी गई है। जमीन के लिए 104 करोड़ 14 लाख 17 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। यह फंड एचएसआईआईडीसी को ट्रांसफर किया जाएगा।

2.99 एकड़ जमीन नगर निगम मानेसर को दी

इसके बाद एचएसआईआईडीसी द्वारा करीब 2.99 एकड़ जमीन नगर निगम मानेसर को दे दी जाएगी। जमीन मिलने के बाद नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा द्वारा कार्यालय का एस्टीमेट तैयार कराया जाएगा। अभी मानेसर नगर निगम के कार्यालय निजी इमारत में किराए पर चल रहा है।

जमीन ट्रांसफर करने को लेकर एचएसआईआईडीसी और शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय के बीच पहले ही समझौता हो चुका है। यह जमीन आईएमटी चौक के नजदीक एचएसआईआईडीसी कार्यालय के साथ में है। यह जमीन अभी खाली पड़ी हुई है।

सेक्टर-8 में है नगर निगम मानेसर का मुख्य कार्यालय

आईएमटी चौक के नजदीक कार्यालय बनाए जाने से पूरे क्षेत्र के लोगों को पहुंचने में आसानी हो जाएगी। अभी नगर निगम मानेसर का मुख्य कार्यालय सेक्टर-8 में है। इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी एचएसआईआईडीसी कार्यालय में ग्राउंड और चौथे तल पर बैठते हैं। हार्टिकल्चर शाखा के अधिकारी मानेसर गांव के सरकारी स्कूल के नजदीक बैठते हैं।

इसके अलावा नवादा गांव में भी नगर निगम का कार्यालय बनाया गया है। नगर निगम का स्थायी कार्यालय बन जाने के बाद निवासियों को काफी राहत मिलेगी।

25 लाख रुपये है मासिक किराया

मानेसर नगर निगम कार्यालय निजी इमारत में बनाया गया है। निजी इमारत की तीसरी मंजिल और भूतल का एक कार्यालय किराए पर लिया गया है। इसके लिए नगर निगम प्रति माह करीब 25 लाख रुपये किराया देता है। अपना कार्यालय बनाने के लिए नगर निगम द्वारा पहले सेक्टर 81 में जगह चिह्नित की गई थी लेकिन किसी कारण से उस प्रस्ताव को रद कर दिया गया। अब आईएमटी चौक के नजदीक दिल्ली जयपुर हाईवे किनारे जमीन तय की गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top