
गुरुग्राम। साउथ सिटी दो में कार सवार दंपती के साथ दो लोगों द्वारा गाली-गलौज और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम की है। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर बुधवार दोपहर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। महिला पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं।छ
पुलिस को दी शिकायत में सोहना रोड स्थित एक नामी सोसाइटी की रहने वाली महिला ने बताया कि वह मंगलवार को किसी काम से साउथ सिटी दो इलाके में आई हुई थीं। उनके साथ पति भी थे। शाम के वक्त जब वह शिशपाल विहार के पास से गुजर रही थीं, तभी एक दिल्ली नंबर की गाड़ी में सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी कार अड़ा दी।
पति के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू किया
दोनों युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और बेहद आपत्तिजनक व अभद्र व्यवहार किया। जब पति ने विरोध किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई।
मामले में पकड़े गए आरोपित की पहचान सेक्टर 47 मालिबू टाउन निवासी पारस ठाकरान के रूप में की गई। पूछताछ में पता चला कि गाड़ी ओवरटेक करने के दौरान कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया।

