गुरुग्राम में रोडरेज: साइड न देने पर स्कॉर्पियो सवारों ने युवक को पीटा, डंडे से कार के शीशे तोड़े

 गुरुग्राम। गुरुग्राम में रोडरेज का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त कार्यालय से महज पांच सौ मीटर दूर राजीव चौक के पास स्कार्पियो सवार दो लोगों ने साइड न देने पर विंडसर कार सवार युवक से मारपीट की और डंडे से उसकी कार के शीशे तोड़ दिए। घटना शनिवार दोपहर की है। पीड़ित युवक ने आसपास के लोगों से उसे बचाने और आरोपितों को पकड़ने की गुहार लगाई, लेकिन कोई नहीं आया।

इस घटना के दौरान पीड़ित युवक ने आरोपितों का एक वीडियो भी बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। गुरुग्राम पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिल्ली के सीआर पार्क के रहने वाले अभिषेक चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार को एक मीटिंग के लिए गुरुग्राम के सोहना रोड गए थे। काम निपटाने के बाद वह दिल्ली वापस जा रहे थे।

धमकी देकर फरार हुए आरोपी

इस दौरान रास्ते में स्कार्पियो गाड़ी चालक लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए बार-बार उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने और कट मारने का प्रयास करने लगा। अभिषेक ने गाड़ी को साइड नहीं दी तो आरोपितों ने राजीव चौक के पास अपनी स्कार्पियो गाड़ी विंडसर कार के आगे अड़ाकर उन्हें जबरन रोक लिया।

आरोप है कि डंडे से उनकी कार की फ्रंट विंडशील्ड व अन्य शीशे तोड़ दिए गए। इसके बाद आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में अभिषेक को भी चोटे आईं। पीड़ित ने आरोपितों की गाड़ी का नंबर पुलिस को बताया है।

गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top