गुरुग्राम में सरकार का नया आदेश, बंधवाड़ी और नुनेरा टोल प्लाजा पर 2 जुलाई तक जारी रहेगी वसूली

बादशाहपुर (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा और सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर स्थित नुनेरा टोल प्लाजा को लेकर टोल मुक्त होने की उम्मीद कर रहे लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिली है। दोनों टोल प्लाजा का संचालन 12 जून की मध्यरात्रि तक निर्धारित था। लेकिन सरकार के नए आदेश के बाद अब इन पर 2 जुलाई तक टोल वसूली जारी रहेगी।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन संचालित दोनों टोल प्लाजा का अनुबंध समाप्त होने के चलते इनके बंद होने की चर्चा तेज थी। विशेष रूप से बंधवाड़ी टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय निवासी, उद्योगपति और जनप्रतिनिधि लंबे समय से इसे हटाने की मांग कर रहे हैं।

बड़खल से विधायक धनेश अदलखा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टोल समाप्त करने का आग्रह किया था। उनका कहना है कि टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से प्रतिदिन हजारों वाहन चालक प्रभावित होते हैं और समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।

लंबी कतारें लगना आम बात है
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर वर्ष 2009 के आसपास स्थापित बंधवाड़ी टोल प्लाजा सड़क निर्माण और रखरखाव की लागत वसूलने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। हालांकि, समय के साथ यह टोल आम लोगों की परेशानी का कारण बन गया। सुबह और शाम के समय यहां लंबी कतारें लगना आम बात है। कई बार एंबुलेंस, स्कूल बसें और कार्यालय जाने वाले कर्मचारी भी जाम में फंस जाते हैं।

2 जुलाई तक जारी रहेगी टोल वसूली
इसी प्रकार सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर स्थित नुनेरा टोल प्लाजा का कार्यकाल भी 12 जून को समाप्त होना था। सरकार द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, दोनों टोल प्लाजा पर अब 2 जुलाई तक टोल वसूली जारी रहेगी। ऐसे में लोगों को टोल मुक्त यात्रा के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ेगा।

लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप राणा का कहना है कि सरकार के आदेश अनुसार दोनों टोल प्लाजा की अवधि 2 जुलाई तक बढ़ाई गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top