
गुरुग्राम। गुरुग्राम के मशहूर यूट्यूबर और बिग बास ओटीटी-2 सीजन के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। एल्विश यादव ने हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक काल्पनिक राजनीतिक दल ‘खरगोश जनता पार्टी’ (केजेपी) लॉन्च करने की घोषणा की है।
अभी एक हफ्ता भी नहीं बीता है, जब काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने नीट पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाते हुए एक फिजिकल प्रोटेस्ट किया था। उसी पार्टी का मजाक उड़ाते हुए एल्विश यादव ने एक नया एलान किया और इंटरनेट मीडिया एक्स पर इस पार्टी का पेज भी बना लिया है। एल्विश यादव ने सीजेपी के कथित घोषणापत्र और उनकी कार्यशैली को आड़े हाथों लेते हुए अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा की।
सीजेपी का मजाक उड़ाते हुए तीन मुख्य बिंदु लिखे
इस पोस्ट में उन्होंने सीजेपी का मजाक उड़ाते हुए तीन मुख्य बिंदु लिखे। लिखा कि सबको फ्री बचा हुआ खाना मिलेगा। कैबिनेट मीटिंग फ्रिज के पीछे होगी। नारा भी दिया- तेज दिमाग, लंबे कान, सबका विकास गाजर के साथ। उन्होंने सीजेपी की हालिया जमीनी राजनीतिक पार्टी का मजाक उड़ाते हुए लान्च पार्टी के बारे में लिखा, ‘सारे भाई जंतर-मंतर पहुंच जाओ। सबको मुफ्त गाजर मिलेगी।
एल्विश ने खरगोश जनता पार्टी का एक आधिकारिक पोस्टर और चुनावी घोषणापत्र भी जारी किया है। इस पोस्टर में एल्विश यादव की तस्वीर के साथ पार्टी के झंडे का स्वरूप भी दिखाया गया है, जिसमें एक खरगोश गाजर खाते हुए नजर आ रहा है। एल्विश के फैंस इस पोस्ट को शेयर कर रहे हैं और इस पर लगातार मीम्स बनाए जा रहे हैं।

