गुरुग्राम में सुंदरकांड पर विवाद के बीच BJP ऑफिस के 300 मीटर दायरे में धारा-163 लागू, कांग्रेस भी अड़ी

गुरुग्राम। अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी को लेकर गुरुग्राम में शुरू हुआ सियासी विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज भाजपा कार्यालय के बाहर प्रस्तावित सुंदरकांड पाठ के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट ने गुरुकमल सेक्टर-31 स्थित भाजपा जिला कार्यालय के 300 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर दी है। कोई भी धरना प्रदर्शन पर रोक लगाई है।

बता दें कि जिला गुरुग्राम कांग्रेस कमेटी के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा कार्यालय गुरुकमल के पास सुंदरकांड पाठ का आयोजन घोषित किया था।

वर्धन यादव।

पार्टी ने इसे “सद्बुद्धि यज्ञ” बताते हुए कहा था कि श्रीराम मंदिर में हुए चंदा चोरी के चोरों को कठोर सजा और उनका संरक्षण करने वाले भाजपा नेताओं के लिए सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। कांग्रेस के निमंत्रण के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने भी पलटवार किया था।

सोमवार रात इसको लेकर सेक्टर 40 थाना पुलिस ने दोनों नेताओं को नोटिस भी जारी किया था। बिना अनुमति आयोजन न करने की चेतावनी दी थी। वहीं मंगलवार को आयोजन स्थल पर धारा 163 लागू होने पर पंकज डावर और वर्धन यादव ने कहा कि पुलिस और प्रशासन चाहे जितनी भी पाबंदी लगा ले, हम अपनी बात जनता के समक्ष जरूर रखेंगे।

पंकज डावर।

दोनों नेताओं ने इस कार्रवाई को भाजपा के दबाव में आकर की गई बताते हुए निशाना साधा है। जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गुरुकमल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top