गुरुग्राम में फरुखनगर-खेड़ा रोड पर बड़ा हादसा, ईआरवी और वॉटर टैंकर की टक्कर में 2 पुलिसकर्मियों की मौत

गुरुग्राम।  गुरुग्राम के फरुखनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। फरुखनगर-खेड़ा खुरमपुर रोड पर पुलिस की ईआरवी गाड़ी और ट्रैक्टर टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में ईआरवी में सवार दो पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

ट्रैक्टर-टैंकर के साथ हुई टक्कर 

पुलिस के अनुसार यह हादसा रात करीब 12 बजे फरुखनगर से खेड़ा खुरमपुर की तरफ जाने वाले रोड पर हुआ। फरुखनगर थाने की ईआरवी-254 ड्यूटी के दौरान पानी लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर-टैंकर से अचानक टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि ईआरवी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

हादसे के बाद सड़क किनारे पलटा पड़ा टैंकर। फोटो: जागरण 

ईएचसी अनिल और एसपीओ छोटेलाल की मौत

मृतकों की पहचान ईआरवी इंचार्ज हेड कांस्टेबल अनिल, और एसपीओ छोटेलाल के रूप में हुई है। वहीं गाड़ी चला रहे सिपाही धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फरुखनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरुखनगर थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। ट्रैक्टर चालक से भी पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए फरुखनगर-खेड़ा रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top