गुरुग्राम डबल डेथ केस: युवती पर चाकू से किए गए थे आठ वार, मोबाइल फोन से खुलेगा हत्या-आत्महत्या का राज

गुरुग्राम। सेक्टर 55 में लिव-इन पार्टनर युवती की हत्या के बाद खुद इंजीनियर युवक द्वारा आत्महत्या करने के मामले में सोमवार को दोनों के शवों को पुलिस ने स्वजन को सौंप दिया। युवती के शव के पोस्टमार्टम में पता चला कि उसके शरीर पर आठ बार चाकू से वार कर बेरहमी से हत्या की गई थी।

पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के अनुसार युवती के गले पर दो बार, सीने पर दो बार, पीठ पर एक बार, गाल के पास और एक बार हाथ पर वार के निशान मिले हैं। युवती इशारा अयूबी सीतापुर के शेख सराय मोहल्ले की रहने वाली थी और शुक्रवार को ही आरोपित श्रेष्ठ मलिक के रूम में लिव-इन में रहने आई थी।

दोनों युवक-युवती आप्टम कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर थे। दोस्तों के मुताबिक दोनों कई महीनों से रिलेशनशिप में थे। रूम में आने के एक दिन बाद ही दोनों में ऐसा क्या विवाद हुआ, जिससे युवती की हत्या की गई और युवक ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया, इसकी गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है।

इस मामले में पुलिस को अहम सुराग मोबाइल फोन से मिलने की उम्मीद है। रविवार दोपहर हत्या और आत्महत्या का मामला सामने आया था।

युवक की जेब से मिला था उसका फोन, युवती का फोन कमरे में था

जीआरपी के अनुसार शनिवार शाम जब ट्रैक से बाडी बरामद की गई तो जांच के दौरान उसकी पैंट से फोन मिला था। इससे ही भिलाई निवासी परिवारवालों से संपर्क किया गया था। परिवारवालों से सेक्टर 56 थाना पुलिस ने युवक का फोन लिया है।

दूसरी ओर इशारा अयूबी का फोन कमरे से बरामद किया गया है। दोनों ही फोन लाक हैं। इन्हें खोलने के लिए साइबर पुलिस की मदद भी ली जाएगी।

सेक्टर 56 थाना पुलिस ने बताया कि फोन की काल डिटेल, वाट्सएप चैट, इंटरनेट मीडिया और लोकेशन हिस्ट्री से इस बात की जानकारी हो सकेगी कि घटना से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और श्रेष्ठ ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top