
मानेसर (गुरुग्राम)। मानेसर नगर निगम द्वारा वार्ड 16 के गांव नौरंगपुर में एक मल्टीपर्पज हाल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम मानेसर द्वारा लगभग 8 करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मल्टीपर्पज हाल के लिए वित्त एवं संविदा समिति की मंजूरी प्राप्त हो चुकी है।
नगर निगम द्वारा इस परियोजना के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। यह मल्टीपर्पज हाल लगभग एक एकड़ भूमि पर बनेगा, जिसमें विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यहां आने वाले लोगों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। वार्ड 16 के पार्षद दयाराम चेयरमैन ने बताया कि गांव के आसपास कई सोसायटी हैं, जहां हजारों लोग बाहर के क्षेत्रों से निवास करते हैं, लेकिन उनके लिए कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मल्टीपर्पज हाल का निर्माण किया जाएगा। इस हाल में दो मंजिला इमारत का निर्माण होगा, जिसमें नीचे एक बड़ा हाल और ऊपर भी एक बड़ा हाल बनाया जाएगा।
इसमें इंडोर स्टेडियम की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे इंडोर गेम्स का आयोजन भी संभव होगा। नगर निगम मानेसर के एक्सईएन मंदीप धनखड़ ने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य सौंप दिया जाएगा।

