गुरुग्राम: 14 साल से रह रहे निवासियों के लिए खुशखबरी, यूनिटेक ‘हार्मनी’ को मिला फाइनल कंप्लीशन सर्टिफिकेट

नया गुरुग्राम। सेक्टर-50 स्थित गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के निकट लगभग 10.50 एकड़ क्षेत्र में विकसित यूनिटेक की रिहायशी परियोजना हार्मनी को हरियाणा के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (डीटीसीपी) द्वारा फाइनल कम्पलीशन सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया है।

इसके साथ ही हार्मनी यूनिटेक की पहली और अब तक की एकमात्र ग्रुप हाउसिंग सोसायटी बन गई है जिसे फाइनल कम्पलीशन सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है। विभाग ने 4 जून को जारी पत्र में परियोजना को विभिन्न नियमों एवं शर्तों के अनुरूप पाते हुए यह प्रमाणपत्र जारी किया है।

वर्ष 2006 में इस परियोजना का लाइसेंस जारी हुआ था और पिछले लगभग 14 वर्षों से यहां करीब 400 परिवार रह रहे हैं। वर्षों के इंतजार के बाद फाइनल कम्पलीशन सर्टिफिकेट मिलना निवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। डीटीसीपी द्वारा जारी फाइनल कम्पलीशन सर्टिफिकेट में स्पष्ट किया गया है कि कालोनी के विकास कार्य, सड़कें, जलापूर्ति, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाएं निर्धारित नियमों के अनुरूप हैं। साथ ही कालोनाइजर को सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव और संचालन से संबंधित निर्धारित शर्तों का पालन भी करना होगा।

जानकारी के अनुसार, फाइनल कम्पलीशन सर्टिफिकेट मिलने के बाद अब यूनिटेक प्रबंधन सोसायटी के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को सौंपने की तैयारी कर रहा है। इससे भविष्य में सोसायटी के प्रबंधन और रखरखाव में निवासियों की भागीदारी और अधिक बढ़ेगी। यूनिटेक प्रबंधन के द्वारा लगातार समन्वय के चलते यह कार्य संभव हो पाया है।

हम लंबे समय से विभिन्न लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नियामकीय प्रक्रियाओं के अनुरूप पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। हार्मनी को फाइनल कम्पलीशन सर्टिफिकेट मिलना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह केवल कंपनी के लिए ही नहीं, बल्कि उन सैकड़ों परिवारों के लिए भी खुशी का अवसर है जो वर्षों से यहां रह रहे हैं। हमारी प्राथमिकता सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से लंबित मामलों का समाधान कर परियोजनाओं को उनके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाना है।
– वाईएस मलिक (आईएएस, सेवानिवृत्त), चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, यूनिटेक समूह

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top