चंदौली में चलती ट्रेन में एक और यात्री की गोली मारकर हत्‍या, लगातार दो ट्रेन यात्र‍ियों की हत्‍या से हड़कंप

पीडीडीयू नगर (चंदौली)। जिले में खासकर ट्रेन में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार की देर रात 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची वाराणसी कैंट जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस रात करीब 1:40 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से वाराणसी कैंट स्टेशन के लिए रवाना हुई।

बताया गया क‍ि ट्रेन जैसे ही व्यासनगर बी-कैबिन के पास पहुंची। तभी एस-2 कोच से तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते एक युवक लहूलुहान हालत में नीचे गिर पड़ा।

वहीं इस घटना के बाद कोच में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और जीआरपी को दी। ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और युवक के शव को ट्रेन से नीचे उतारा।

प्रारंभिक जांच में मामला गोली मारकर हत्या करने की जानकारी सामने आई है। हालांकि युवक की पहचान और हत्या के कारणों का सोमवार की दोपहर तक पता नहीं चल सका है। जीआरपी व रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कोच में मौजूद अन्‍य यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार ट्रेनों में हो रही घटनाओं से यात्रियों में भय का माहौल है। वहीं लगातार चौबीस घंटे में एक ही ज‍िले में ट्रेन में दो यात्र‍ियों की अलग अलग समय पर गोली मारकर हत्‍या करने के मामले में पुल‍ि‍स के सामने बड़ी चुनौती आ गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top