
तरनतारन। तरनतारन के कस्बा फतेहबाद में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में आठवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। स्कूल जा रहे छात्र को गैस सिलिंडरों से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने धरना लगाकर प्रशासन और संबंधित गैस कंपनी के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
मृतक छात्र की पहचान 14 वर्षीय धीरज तेजपाल पुत्र कारोबारी निंदर तेजपाल के रूप में हुई है। धीरज कारगिल बलिदानी सरवन सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह साइकिल पर सवार होकर घर से स्कूल के लिए निकला था।
जानकारी के अनुसार अटारी-कपूरथला मार्ग पर स्थित स्कूल के मुख्य द्वार के पास पहुंचते ही गैस सिलिंडरों से लदे ट्रक ने छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक बच्चे की फाइल फोटो।
ड्राइवर मौके से हुआ फरार
हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर स्कूल के प्रिंसिपल कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत छात्र के परिवार को हादसे की जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना के बाद इलाके के लोगों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सड़क पर धरना लगाकर रोष जताया। लोगों का आरोप था कि स्कूल के बाहर लंबे समय से सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी की जा रही है। स्कूल के सामने न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही स्कूल समय में यातायात पुलिस की तैनाती होती है।
लोगों ने की कार्रवाई की मांग
आम आदमी पार्टी के हलका कोआर्डिनेटर परमजीत सिंह बब्बू सहित कई स्थानीय लोगों ने कहा कि गैस एजेंसी से जुड़े वाहनों के चालक अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारियों ने ट्रक चालक के साथ संबंधित कंपनी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
मृतक छात्र के पिता निंदर तेजपाल ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि स्कूल के बाहर उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो उनका बेटा आज जिंदा होता। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने उनके घर का चिराग बुझा दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर थाना गोइंदवाल साहिब की प्रभारी निरीक्षक बलजीत कौर पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार के बयान दर्ज कर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

