दंगा हो या VIP ड्यूटी सेकंडों में पहुंचेगी फोर्स, गुरुग्राम में बनीं 5 लॉ एंड ऑर्डर कंपनियां

गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की ओर से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से पांच विशेष लाॅ एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया गया है। इन कंपनियों का गठन किसी भी प्रकार की आपातकालीन, संवेदनशील अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने तथा पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया।

गठित की गई इन पांच लाॅ एंड ऑर्डर कंपनियों में से चार कंपनियां जोनवार स्थापित की गई हैं। इनमें पुलिस की पूर्व जोन, पश्चिम जोन, दक्षिण जोन तथा मानेसर जोन की एक-एक कंपनी शामिल है। इसके अतिरिक्त एक कंपनी पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के अधीन काम करेगी। आवश्यकता पड़ने पर इन कंपनियों को जिले के किसी भी क्षेत्र में तत्काल तैनात किया जा सकेगा।प्रत्येक लाॅ-एंड-ऑर्डर कंपनी में कुल 107 पुलिसकर्मी नियुक्त किए गए हैं। कंपनी का नेतृत्व एसीपी रैंक के अधिकारी द्वारा कंपनी कमांडर के रूप में किया जाएगा। वहीं इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी असिस्टेंट कमांडर के रूप में कंपनी के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।कंपनियों का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति, कानून व्यवस्था संबंधी चुनौती, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव, वीआईपी ड्यूटी, आपदा प्रबंधन अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में त्वरित रिस्पांस देना तथा प्रभावी पुलिसिंग करना है।

प्रशिक्षित व संगठित स्वरूप में कार्य करने वाली ये कंपनियां गुरुग्राम पुलिस की कानून व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता को और अधिक सशक्त करेंगी। गुरुग्राम पुलिस द्वारा भविष्य की आवश्यकताओं व बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आगामी समय में भी पांच अतिरिक्त लाॅ एंड ऑर्डर कंपनियों के गठन की योजना बनाई गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top