
गुरुग्राम। गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस वे से सराय अलावर्दी रोड पर 600 एमएम की मुख्य सीवर लाइन बिछाने के बाद चैंबर बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे में एक कार गिर गई।
हादसा रविवार को हुआ था, जिसमें द्वारका एक्सप्रेसवे से सराय अलावर्दी की तरफ मुड़ते समय एक तेज रफ्तार कार सीधे खोदे गए इस गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
इस हिस्से को कई बार खोदा जा चुका है। नगर निगम के ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे चल रहे इस खोदाई कार्य की न तो बैरिकेडिंग की गई और न रिफ्लेक्टर लगाए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढे में पशु भी गिरकर घायल हो चुके हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले चार महीने से यह काम चल रहा है। लेकिन ठेकेदार द्वारा धीमा कार्य करने के कारण परेशानी हो रही है। अब तो मानसून सीजन भी शुरू हो चुका है। ऐसे में अगर गड्ढों में जलभराव हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है।

