
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-81 में सोमवार सुबह धारूहेड़ा स्थित आरपीएस स्कूल की बस डिवाइडर पर चढ़ गई। बस का ड्राइवर छात्रों को लेने जा जा रहा था, इसी समय यह हादसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ड्राइवर के नशे में बस चलाने का आरोप लगा है। राहत की बात ये रही कि हादसे के वक्त बस में कोई छात्र सवार नहीं था।
गोल चक्कर से पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अल्टीमा सोसाइटी के पास गोल चक्कर पर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इससे बस पलटने की स्थिति बन गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि बस ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। लोगों ने जब उसे बस से नीचे उतरने को कहा तो वह बस को इसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
टल गया बड़ा हादसा
इस हादसे ने शहर में स्कूल बस ड्राइवरों की लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है। चूंकि बस छात्रों को लेने जा रही थी, इसलिए उस समय बस में कोई बच्चा नहीं था। अगर बच्चे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

