नोएडा आधार केंद्र पर अब नहीं लगेंगी लंबी कतारें, नया काउंटर शुरू

नोएडा। सेक्टर-19 स्थित डाक विभाग के आधार केंद्र पर अब लोगों को घंटों लाइन में खड़े रहने की परेशानी से राहत मिलेगी। लगातार बढ़ती भीड़ और आधार सेवाओं की मांग को देखते हुए विभाग ने एक अतिरिक्त आधार काउंटर शुरू करने का निर्णय लिया है।

सीनियर पोस्ट मास्टर मनोज कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद आधार कार्ड बनवाने, अपडेट कराने और वेरिफिकेशन के कार्य पहले की तुलना में तेजी से हो सकेंगे।

अब तक सीमित काउंटर होने के कारण केंद्र पर रोजाना भारी भीड़ उमड़ रही थी। कई लोगों को नंबर नहीं मिलने पर वापस लौटना पड़ता था, जिससे आम नागरिकों में नाराजगी भी बढ़ रही थी। विभाग का मानना है कि नए काउंटर के शुरू होने से इंतजार का समय कम होगा और लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

सीनियर पोस्ट मास्टर मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल प्रतिदिन लगभग 150 आधार संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। तीसरा काउंटर शुरू होने के बाद यह संख्या 200 के पार पहुंच जाएगी। इससे कार्यों में तेजी आएगी और बुजुर्गों, महिलाओं व नौकरीपेशा लोगों को विशेष राहत मिलेगी। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर आगे भी सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top