
तरहसी (पलामू)। तरहसी थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में डायन-बिसाही के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
सभी घायलों को इलाज के लिए तरहसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चार लोगों को गंभीर स्थिति में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
10 सालों से चला आ रहा विवाद
घायलों में अमित कुमार, मिथलेश पासवान, रंजन कुमार और सरिता देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच डायन-बिसाही को लेकर विवाद पिछले करीब दस वर्षों से चला आ रहा है। इस दौरान पंचायत स्तर पर कई बार समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका। सोमवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
गांव में तनाव, पुलिस कर रही निगरानी
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है। स्थानीय लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज
तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

