
गुरुग्राम। वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक बृहस्पतिवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और नियमित स्वास्थ्य जांच करना है।
कार्यक्रम के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कर उनकी समग्र स्वास्थ्य जांच की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से परामर्श और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द, अनिद्रा, पाचन संबंधी समस्याओं सहित अन्य आयु संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार संबंधी सलाह दी जाएगी। जिला आयुष अधिकारी डा. मंजू कुमारी ने बताया कि यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
शिविरों में योग सहायकों द्वारा सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। आयुष विभाग ने सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

