
गुरुग्राम। सोहना शहर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम आंबेडकर चौक पर सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार में आए डंपर ने रौंद दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई।
वहीं, आसपास के लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर डंपर को जब्त कर लिया।
बेटे ने दर्ज कराया केस
मृत महिला की पहचान फरीदाबाद के धौज गांव निवासी 50 वर्षीय फरीदा के रूप में की गई। बेटे मुस्तफा ने सोहना शहर थाने में केस दर्ज कराया। मुस्तफा ने बताया कि उनकी बहन सन्नो का ससुराल खैरथल के गांव चूहड़पुर में है। उनकी मां फरीदा शुक्रवार को बेटी से मिलने के लिए ससुराल गई थीं।
बताया कि शनिवार शाम काे वह वापस घर जा रही थीं। खैरथल से बस से सोहना पहुंचीं और उन्हें यहां से ऑटो से धौज गांव जाना था।
डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वह आंबेडकर चौक के पास सड़क पार कर रही थीं, उसी दौरान नूंह की तरफ से तेज रफ्तार में आए डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोग महिला को सिविल अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, आराेपित डंपर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने सक्रियता दिखाकर उसे पकड़ लिया। सोहना शहर थाना पुलिस ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।

