
सोहना। वन विभाग ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की तैयारी पूरी कर ली है। आठ को आईटीआई कॉलोनी में वन विभाग का बुलडोजर अवैध निर्माण को नष्ट करेगा। इस अभियान के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई दो चरणों में की जाएगी।
पहले चरण में वन भूमि पर बने धार्मिक स्थलों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में लगभग 30 एकड़ वन भूमि पर बने मकानों और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई से पहले ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीटीपी आरएस बाठ ने संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया और लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की।
अभियान में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सहयोग आवश्यक
उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सहयोग आवश्यक है। डीटीपी आरएस बाठ ने यहां स्थित एक चर्च के पादरी से फोन पर संपर्क कर अतिक्रमण हटाने के लिए बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि आपसी रजामंदी और सहयोग से वन विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए जाएं। चर्च के पादरी ने बाठ को भरोसा दिलाया कि जो भी अवैध निर्माण है, उसे स्वयं हटवा दिया जाएगा।
वन विभाग के स्थानीय अधिकारी खजान सिंह ने बताया कि वन विभाग की लगभग 30 एकड़ भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे कर मकान और कुछ धार्मिक स्थल बना लिए गए हैं। इन कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने पुलिस, राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित की है। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
सरकारी भूमि पर किसी भी सूरत में अवैध कब्जा नहीं रहने दिया जाएगा। तमाम अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए जाएंगे। वन विभाग की भूमि पर कुछ धार्मिक स्थल का भी अवैध कब्जा है। ऐसे धार्मिक स्थल से जुड़े मुख्य लोगों से संपर्क साधा गया है। उनसे अतिक्रमण हटाने के लिए बात की गई है। – आरएस बाठ, डीटीपी

