राजीव चौक पर जाम से मिलेगी मुक्ति, दिल्ली-सोहना रूट पर NHAI के नए प्लान से गुरुग्राम वालों की टेंशन खत्म

गुरुग्राम। राजीव चौक काे ट्रैफिक जाम मुक्त करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने डिजाइन तैयार कर लिया है। दो एलिवेटेड रैंप बनाए जाएंगे।

एक एलिवेटेड रैंप दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे तक होगा व दूसरा गुरुग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस तक होगा। इससे लाभ यह होगा कि दिल्ली की तरफ से आने वाले जिन वाहनों को सोहना की तरफ जाना है।

एलिवेटेड रैंप से सोहना हाईवे पर जाएंगे

वे एलिवेटेड रैंप से सीधे गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर चले जाएंगे। इसी तरह सोहना की तरफ से आने वाले जिन वाहनों को जयपुर एवं दिल्ली की तरफ जाना है, वे सीधे दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर चले जाएंगे।

साइबर सिटी में कई चौराहों पर काफी अधिक ट्रैफिक का दबाव है। इनमें से एक राजीव चौक है। इस चौक से किसी भी इलाके में जाने के लिए वाहन मिल जाते हैं। यही वजह है कि चौक पर 24 घंटे ट्रैफिक का दबाव रहता है।

30 मिनट तक जाम में फंसते हैं 

नतीजा यह है कि चौक से वाहनों के निकलने में अधिक से अधिक आधे से एक मिनट लगना चाहिए लेकिन औसतन 25 से 30 मिनट लग जाते हैं। कई बार आधे से एक घंटे का भी समय लग जाता है।

इसे देखते हुए दोनों तरफ से एलिवेटेड रैंप बनाने की योजना बनाई गई है। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ एलिवेटेड रैंप ताऊ देवीलाल स्टेडियम से होते हुए बनाया जाएगा।

गुरुग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे की तरफ एलिवेटेड रैंप बनाने के लिए बीएसएनएल से जमीन चाहिए। बताया जाता है कि बीएसएनएल जमीन देने के लिए राजी हो गया है।

एलिवेटेड रैंप का डिजाइन तैयार 

इसे देखते हुए आगे की तैयारी शुरू कर दी गई है। डिजाइन तैयार कर लिया गया है। इसके ऊपर कितना खर्च होगा, इसका एस्टीमेट तैयार कर टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

NHAI के परियोजना निदेशक योगेश तिलक का कहना है कि एलिवेटेड रैंप बनाने के लिए डिजाइन तैयार कर लिया गया है। अब जल्द ही आगे की कार्यवाही तेज होगी। प्रयास है कि जितनी जल्द हो जमीनी स्तर पर काम शुरू हो जाए।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उपयोग बढ़ेगा

गुरुग्राम-सोहना हाईवे आगे गांव अलीपुर के नजदीक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ा है। इसके बाद भी काफी लोग इस हाईवे का उपयोग नहीं करते हैं। इसके पीछे मुख्य कारण राजीव चौक का जाम है। एलिवेटेड रैंप बनने से जाम का झंझट नहीं रहेगा।

इससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उपयोग बढ़ेगा। फिलहाल स्थिति यह है कि जितना समय राजीव चौक से अलीपुर तक जाने में लगता है, उससे अधिक समय राजीव चौक क्रास करने में लगता है। खासकर पीक आवर के दौरान सबसे अधिक परेशानी होती है।

NHAI के पूर्व तकनीकी सलाहकार जेएस सुहाग कहते हैं कि केंद्र व प्रदेश में जब एक ही पार्टी की सरकार है, फिर किसी भी योजना के ऊपर काम शुरू होने में अधिक समय नहीं लगना चाहिए। इसके लिए स्थानीय अधिकारियों को सक्रियता दिखानी चाहिए।

राजीव चौक पर ट्रैफिक के दबाव से प्रतिदिन हजारों लोग परेशान होते हैं। इसे देखते हुए एलिवेटेड रैंप बनाने की योजना बनाई गई है। अधिकारियों से कहा गया है कि जितनी जल्द हो जमीनी स्तर पर काम शुरू करें।

उम्मीद है जल्द ही काम शुरू होगा। दोनों तरफ से एलिवेटेड रैंप बनने से शहर की एक बहुत बड़ी समस्या दूर होगी। आने वाले कुछ वर्षों में एक-एक समस्या का स्थायी रूप से समाधान कराया जाएगा। समस्याओं के समाधान से विकास की गति और तेज होगी।

 राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री, हरियाणा

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top