हरियाणा कांग्रेस का प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान, गुरुग्राम में जिलाध्यक्ष समेत कई नेता हाउस अरेस्ट

गुरुग्राम। नई दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक हुए आंदोलनों और प्रदर्शनों के बाद हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। प्रदर्शन से पहले गुरुग्राम में पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया।

मंगलवार रात पार्टी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों के हितों की रक्षा और पुलिस की कथित दमनकारी कार्रवाई के विरोध में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएं।

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जिला अध्यक्षों व संगठन के पदाधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि प्रत्येक जिले में उपायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाए। पार्टी का आरोप है कि आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल का प्रयोग किया, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।

गुरुग्राम में तनाव, कई नेता नजरबंद

पार्टी की ओर से प्रदर्शन के निर्देश जारी होते ही गुरुग्राम पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन से पहले गुरुग्राम कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। इसके अलावा ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव समेत अन्य पदाधिकारियों के घरों के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। पार्टी ने कहा है कि हाउस अरेस्ट के बावजूद कार्यकर्ता निर्धारित स्थान पर एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top