
गुरुग्राम। खेलते समय सोसायटी के बास्केटबाल कोर्ट में पोल के गिरने से 24 वर्षीय युवक कार्तिक दलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कार्तिक की रीढ़ और कमर में तीन जगह फ्रैक्चर आए हैं।
डाक्टरों ने उसे छह महीने तक आर्थो सपोर्ट पर रहने की सलाह दी है। पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे कार्तिक का सपना इस हादसे के साथ टूट गया है।
यह घटना सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी के बास्केटबाल कोर्ट में सोमवार को हुई थी। कार्तिक के पिता वेटरनरी डा. धर्मेंद्र दलाल ने बताया कि उनका बेटा एथलीट रह चुका है और कभी-कभार दोस्तों के साथ सोसायटी के ग्राउंड में बास्केटबाल खेलने जाता था।
सोमवार को खेलते समय अचानक पोल गिर गया। कार्तिक ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन पोल का वजन उसकी कमर और रीढ़ पर आ गया। तुरंत कार्तिक को आरवी अस्पताल ले जाया गया, जहां वह फिलहाल डाक्टरों की निगरानी में भर्ती है।
डाक्टरों के अनुसार कार्तिक को अगले छह महीने तक आर्थो सपोर्ट पर रहना पड़ेगा। साथ ही जीवनभर उसे भारी काम और फिजिकल एक्टिविटी करने में परेशानी हो सकती है। पिता धर्मेंद्र दलाल ने बताया कि वह मूल रूप से रोहतक के चिड़ी चांदीपुर गांव के रहने वाले हैं।
उन्होंने तीन साल पहले इस सोसायटी में फ्लैट लिया था और तभी से यहां रह रहे हैं।
सोसायटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद पिता धर्मेंद्र दलाल ने खेड़कीदौला थाने में सोसायटी मैनेजमेंट के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे से आक्रोशित सोसायटी के लोगों ने मंगलवार को मैनेजमेंट आफिस में हंगामा किया और रखरखाव पर सवाल उठाए।
लोगों का कहना है कि ग्राउंड के उपकरणों की समय पर जांच नहीं होती, जिस कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सोसायटी प्रबंधन से रिकार्ड मांगे हैं।
बच्चों की सुरक्षा और कार्तिक को न्याय दिलाने की उठी मांग
सोसायटी में बास्केटबाल पोल हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में गहरी नाराजगी है। लोगों ने कार्तिक के शीघ्र स्वस्थ होने और न्याय की मांग को लेकर 22 जुलाई को शाम साढ़े सात बजे कैंडल मार्च निकालने का आह्वान किया है।
निवासियों के अनुसार, कैंडल मार्च सोसायटी के एग्जिट गेट से शुरू होकर खेड़कीदौला पुलिस थाने तक जाएगा। इस दौरान पुलिस से शिकायत की जांच की प्रगति की जानकारी लेने के साथ मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र कार्रवाई की मांग करेंगे।
निवासियों का कहना है कि यह मार्च केवल घायल कार्तिक को न्याय दिलाने की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि सोसायटी के प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा और सभी निवासियों के सुरक्षित वातावरण में रहने के अधिकार की आवाज भी है।
सोसायटी की रखरखाव व्यवस्था लंबे समय से बेहद खराब
अंतरिक्ष हाइट्स बायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमांडर योगेश चौहान का कहना है कि सोसायटी की रखरखाव व्यवस्था लंबे समय से बेहद खराब है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद रखरखाव और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर नहीं किया गया।
उनका आरोप है कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी सोसायटी में रहते ही नहीं हैं। पिछले छह माह से चुनाव नहीं हुए हैं। इस संबंध में कई बार जिला रजिस्ट्रार के यहां शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

