हादसे के बाद समय पर नहीं मिली मदद, सोहना में रक्षा मंत्रालय के पूर्व अफसर की मौत; नाबालिग चला रहा था हाइड्रा

गुरुग्राम। सोहना के गांव कवरसिका के पास एक सड़क दुर्घटना में रक्षा मंत्रालय के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर प्रभु दयाल की मौत हो गई। वह बाइक से जा रहे थे, इसी दौरान हाइड्रा ने टक्कर मार दी। स्वजन ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद उन्हें समय पर मदद नहीं मिली, जिस कारण उपचार के दौरान उनकी जान चली गई।

बाइक सवार से मांगी थी लिफ्ट

गांव बरोटा निवासी प्रभु दयाल कुछ समय पहले ही रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त हुए थे। बेटे केशव ने बताया कि उनके पिता किसी आवश्यक कार्य से सोहना जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक युवक की बाइक पर लिफ्ट ली थी। बाद में उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता गांव कवरसिका के पास सड़क दुर्घटना में घायल अवस्था में पड़े हैं।

समय पर नहीं मिला इलाज

जब वे मौके पर पहुंचे तो प्रभु दयाल जीवित थे और उनकी सांसें चल रही थीं। जब उन्हें उपचार के लिए सोहना ले जाया जा रहा था तब रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बेटे ने कहा कि यदि समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता तो संभवतः उनकी जान बचाई जा सकती थी।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि दुर्घटना करने वाला हाइड्रा चालक नाबालिग था और वह आसपास के ही गांव का रहने वाला है। घटना के बाद रोजकामेव थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top