
कानपुर। हेयर सैलून के 8 किलोवाट के विद्युत कनेक्शन के चेंज ओवर में मरा चूहा फंसा था, लेकिन लाइनमैन ने मीटर खराब होने की बात कर सैलून संचालक से 5000 रुपये ऐंठ लिए और मीटर बदल दिया।
हालांकि, इस मामले में शिकायत आने पर कार्रवाई करते हुए मीटर लगाने वाली कंपनी ने लाइनमैन को बर्खास्त कर दिया है।
ये मामला रतनलाल नगर का है। यहां के अमिता गुप्ता ने बताया कि उनके हेयर सैलून में आठ किलोवाट का विद्युत कनेक्शन है, जिसमें तीन फेस हैं। दो फेस न आने पर शनिवार को उन्होंने बिजली घर जाकर शिकायत की थी। जिस पर लाइनमैन आया था।
जांच के दौरान लाइनमैन ने मीटर को खराब बताया और दूसरा नया मीटर लगाने के बदले उसने ₹5000 भी उनसे ले लिए थे। इसके बाद भी जब बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वह अगले दिन फिर बिजली घर गए और शिकायत की। दूसरी शिकायत पर फिर वही लाइनमैन आया और काफी देर तक जांच पड़ताल की, इसके बाद छत पर लगा चेंज ओवर खोल कर देखा जिसमें मरा चूहा पड़ा था।

चूहे को हटाते ही तीनों फेस से बिजली सप्लाई शुरू हो गई थी। अमिता ने बताया कि इस तरह उनके हेयर सैलून में बिजली आपूर्ति में कोई बाधा नहीं थी, अब मीटर बदलने के नाम पर लिए गए रुपए भी लाइनमैन उन्हें वापस नहीं कर रहा है।

