झांसी में 33 केवी लाइन चोरी करते समय बदमाश को लगा करंट, मौके पर मौत, साथी फरार

झांसी। सकरार फीडर की 33 केवी लाइन का तार चोरी करने आए गिरोह का सदस्य उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब वह तार काट रहा था और अचानक लाइट आ गई। इससे वह करंट की चपेट में आ गया और झुलसने व ऊँचाई से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो घटना की सूचना पुलिस को दी। बदमाश लगभग एक किलोमीटर लाइन का तार चोरी कर ले गए।

उल्दन थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रतौसा में बुधवार की सुबह जब ग्रामीण निकले तो एक पेट्रोल पम्प के पीछे बिजली के खम्भे के पास युवक का शव पड़ा पाया। युवक बुरी तरह झुलसा हुआ था। इसकी सूचना पाकर उल्दन पुलिस मौके पर आ गई। ग्रामीणों ने युवक की शिनाख्त उल्दन थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पठा-खरका निवासी हरीशंकर (21) पुत्र शम्भूदयाल के रुप में की।

पुलिस का अनुमान है कि हरीशंकर अपने साथियों के साथ हाइटेंशन लाइन का तार काटने व चोरी करने आया था। अचानक लाइट आ गई और हरीशंकर करंट लगने से झुलस गया। इससे वह ऊंचाई से गिरा और उसकी मौके पर मौत हो गई। साथी की मौत के बाद उसके सहयोगी शव को वहीं छोड़कर भाग गए।

पुलिस के अनुसार, लगभग एक किलोमीटर हाइटेंशन लाइन का तार भी गायब है, जिसे सम्भवत: हरीशंकर के साथी चुरा कर ले गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी होने पर विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

खाना बनाया और वहीं पर खाया

पुलिस की प्रारम्भिक जाँच में घटना स्थल के पास ईट से बना एक चूल्हा मिला है, जिसके आसपास आटा पड़ा था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि तार कटिंग गिरोह में एक से अधिक सदस्य थे। पहले सभी ने वहाँ खाना बनाया और उसे खाया। इसके बाद लाइन बन्द होने का इन्तजार किया।

जैसे ही लाइन बन्द हुई, बदमाशों ने जल्दी-जल्दी तार काटकर गिराए। इसी दौरान अचानक लाइट आई और हरीशंकर के साथ हादसा हो गया। इससे घबराए बदमाशों ने उसका शव वहीं छोड़ा काटा हुआ तार लेकर भाग गए। पुलिस को मौके से एक कटर भी मिला है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top