
गोरखपुर। आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार कृष्णा मिश्रा को यूपी एटीएस ने शाहपुर थाना क्षेत्र के कौआबाग इलाके से हिरासत में लिया था। वह यहां किराये पर कमरा लेकर रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद अब एटीएस और स्थानीय खुफिया इकाइयां गोरखपुर में उसके नेटवर्क और गतिविधियों की परतें खोलने में जुट गई हैं। एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आखिर वह शहर में किसके संपर्क में था, किन लोगों से उसकी नियमित मुलाकात होती थी और यहां रहते हुए क्या गतिविधियां संचालित कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, कृष्णा मिश्रा पिछले कुछ समय से कौआबाग इलाके में रह रहा था। हालांकि एटीएस ने अब तक स्थानीय पुलिस को उसके ठिकाने और गतिविधियों से जुड़ी पूरी जानकारी साझा नहीं की है। यही वजह है कि गोरखपुर की लोकल यूनिट अब अलग से उसकी दिनचर्या और संपर्कों का ब्यौरा जुटा रही है।
जांच एजेंसियों ने उस मकान के मालिक और आसपास किराए पर रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि वह ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था और अक्सर चुपचाप आता-जाता था। उसके पास आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
एटीएस और खुफिया एजेंसियां कृष्णा के मोबाइल फोन, काल डिटेल रिकार्ड, इंटरनेट गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं। सूत्र बताते हैं कि जिन लोगों से उसकी लगातार बातचीत होती थी, उन्हें भी निगरानी में लिया गया है। कुछ संदिग्ध नंबरों और संपर्क सूत्रों को चिन्हित कर उनकी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

