
लखनऊ। विदेश में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेवायोजन निदेशालय के माध्यम से सऊदी अरब में 88 पदों के लिए आवेदन किया जा सकता है।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि भर्ती के लिए रिक्तियां रोजगार संगम पोर्टल पर अपलोड की गई हैं। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in आवेदन कर सकते हैं। फैब्रिकेशन सुपरवाइजर के पांच पद, मैकेनिकल हेल्पर के 20 पद, सीएस वेल्डर टीआइजी एंड आर्क के 15 पद, पाइप फैब्रिकेटर के 15 पद, स्ट्रक्चरल फैब्रिकेटर के पांच पद, मैकेनिकल टेक्निशियन के आठ पद, फैब्रिकेटर फोरमैन के पांच पद तथा मैकेनिकल फिटर के 15 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए वेतनमान लगभग 29 हजार 99 हजार रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है। 24 से 48 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए लालबाग के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
अलीगंज के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार मेला
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 12 मई को अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रोजगार मेला लगेगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और आइटीआइ के सहयोग से लगने वाले मेले में टाटा मोटर्य युवाओं की भर्ती करेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को 16,250 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के इंटरमीडिएट (सीबीएसई/आईसीएसई या समकक्ष बोर्ड) उत्तीर्ण अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

