जहानाबाद में एनएच-22 पर स्कूली बस और ट्रक की भीषण टक्कर, तीन बच्चे और चालक घायल

जहानाबाद। पटना-गया एनएच-22 पर मई हाल्ट के समीप मंगलवार की सुबह एक स्कूली बस और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें ट्रक चालक सहित तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। 

गया जिले के एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान मई हाल्ट के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। 

ट्रक चालक पीएमसीएच रेफर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना में ट्रक चालक अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बस में सवार छात्र- छात्राएं मानसी कश्यप, हसीर कादरी और यूसुफ कादरी को भी चोटें आईं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। 

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में ही कराया गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। 

एनएच-22 पर यातायात प्रभावित रहा

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक एनएच-22 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top